news-details

लोकतांत्रिक लड़ाई को सड़क से सदन तक लड़ेंगे:नेता प्रतिपक्ष

You can share this post!


स्कूल विवाद विधानसभा पहुंचा

जगनायक प्रधान
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। अमिताभ बाजपेई और भाजपा नेताओं के बीच स्कूल शिलान्यास को लेकर शुरू हुआ विवाद अब विधानसभा तक पहुंच गया है। गुरुवार को सपा विधायक ने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। इससे पहले वह विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को भी घटनाक्रम से अवगत करा चुके हैं। मामला कानपुर की आर्य नगर विधानसभा क्षेत्र स्थित परमट प्राथमिक विद्यालय से जुड़ा है। विद्यालय को स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित करने के लिए विधायक निधि और सांसद निधि से बजट स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि बजट और प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बावजूद शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा कर दिया गया और विधायक को कार्यक्रम में शामिल नहीं होने दिया गया।सपा विधायक का आरोप है कि भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने मिलकर विद्यालय निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न की। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के संवैधानिक अधिकारों का हनन किया गया और प्रशासन पर दबाव बनाकर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को प्रभावित करने का प्रयास हुआ।विवाद उस समय और बढ़ गया जब शिलान्यास के दिन पुलिस ने विधायक को घर में ही नजरबंद कर दिया। इसके बाद अमिताभ बाजपेई ने घर से ही पूजा-पाठ कर वर्चुअल शिलान्यास किया। वहीं 15 मई को उन्होंने ऐलान किया कि जब तक विद्यालय निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा, तब तक वह शर्ट या कुर्ता नहीं पहनेंगे और नंगे पैर रहेंगे। पिछले कई दिनों से वह इसी विरोध स्वरूप बिना चप्पल और बिना ऊपरी वस्त्र के सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिखाई दे रहे हैं।नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में एक निर्वाचित विधायक के अधिकारों का इस तरह हनन बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन दबाव में काम कर रहा है और एकतरफा कार्रवाई की जा रही है।अमिताभ बाजपेई ने नेता प्रतिपक्ष को पूरे मामले से जुड़े दस्तावेज, पत्राचार और प्रशासनिक आदेश भी सौंपे। इसके बाद माता प्रसाद पांडेय ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराने और मामले के समाधान की बात कही। उन्होंने कहा कि वह स्वयं मुख्यमंत्री से बातचीत कर इस मुद्दे को उठाएंगे।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर मामले का समाधान नहीं हुआ तो वह समाजवादी पार्टी के विधायकों के प्रतिनिधिमंडल के साथ कानपुर आएंगे और मौके का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी।उन्होंने अमिताभ बाजपेई के विरोध प्रदर्शन और जनहित के मुद्दे को लेकर किए जा रहे संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी गरीब बच्चों की शिक्षा और जनप्रतिनिधियों की गरिमा की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है।

 

“हमारा विधायक जनता और गरीब बच्चों के भविष्य के लिए संघर्ष कर रहा है, व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं का त्याग कर रहा है। समाजवादी पार्टी का पूरा परिवार उनके साथ मजबूती से खड़ा है…।” भेंट के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा, गरीब बच्चों की शिक्षा एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमा बनाए रखने को लेकर गंभीर चर्चा हुई। आने वाले 3 दिनों के भीतर इस पूरे प्रकरण का न्यायपूर्ण समाधान नहीं निकला, तो वे स्वयं समाजवादी पार्टी के विधायकों का प्रतिनिधिमंडल लेकर कानपुर आएंगे, मौके का निरीक्षण करेंगे, समस्त दस्तावेजों का अध्ययन करेंगे तथा इस लोकतांत्रिक लड़ाई को सड़क से सदन तक मजबूती से लड़ेंगे।-नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय