
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहा। लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत कांग्रेस कार्यालय से राजीव गांधी तिराहे तक रोड मार्च निकाला गया। हारीपुर बाजार में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष महावीर कोरी और अजीत यादव ने किया। कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़” और “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” के नारे लगाते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. अरविंद चतुर्वेदी, डॉ. देवमणि तिवारी, डॉ. नरेंद्र मिश्र, धर्मेंद्र शुक्ल और संजय पाठक समेत कई नेता मार्च में शामिल रहे। संग्रामपुर विकासखंड में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। जिले के अन्य विकासखंडों में भी विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई। कांग्रेस ने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।