
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान का तीसरा दीक्षांत समारोह सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया गया। समारोह में ऑनलाइन जुड़ीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने संस्थान की व्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जताई और सुधार के सख्त निर्देश दिए।राज्यपाल ने एससी राय हॉस्टल के ग्राउंड फ्लोर पर फैली गंदगी पर सवाल उठाते हुए ACS अमित कुमार घोष को तत्काल ध्यान देने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने हॉस्टलों में सप्ताह में दो दिन नॉनवेज बनने पर भी आपत्ति जताते हुए पूछा कि क्या इसकी वास्तव में आवश्यकता है। उन्होंने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह को 15 दिनों के भीतर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि वे खुद मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगी।इससे पहले समारोह में मेधावी छात्रों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक तथा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कुल 26 छात्रों को मेडल और 340 सफल अभ्यर्थियों को डिग्री दी गई। डायरेक्टर मेडल हरमन सिंह (MBBS 2020) को मिला, जबकि बेस्ट टीचर अवॉर्ड डॉ. राजन भटनागर को प्रदान किया गया।समारोह में छात्रों की उपलब्धियों की सराहना की गई और कई टॉपर्स ने अपनी सफलता साझा की। कार्यक्रम में शैक्षणिक उत्कृष्टता और संस्थान की उपलब्धियों पर भी चर्चा हुई।