
पारदर्शी विकास विकास न्यूज़ बांदा। भारतीय किसान यूनियन, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा के पदाधिकारियों द्वारा आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा अजीत कुमार मण्डल के विभिन्न जनपदों में संचालित गेहूँ खरीद केन्द्रों पर व्याप्त समस्याओं से अवगत कराया गया। अवगत कराया गया कि मण्डल के सभी जनपदों के अनेक खरीद केन्द्रों पर बोरे पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं, जिससे गेहूँ खरीद कार्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही गेहूँ का समय से उठान न होने के कारण खरीद प्रक्रिया बाधित हो रही है तथा तौल प्रक्रिया में भी अनियमितताओं की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।
किसान यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा यह भी बताया गया कि बोरे की कमी एवं उठान में विलम्ब के कारण किसानों को कई-कई दिनों तक खरीद केन्द्रों पर इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने मांग की कि सभी खरीद केन्द्रों पर पर्याप्त मात्रा में बोरे उपलब्ध कराये जाएं तथा गेहूँ उठान एवं तौल प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाया जाए।उक्त प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए आयुक्त अजीत कुमार द्वारा तत्काल सम्भागीय खाद्य नियंत्रक, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा, उप निबन्धक एवं उपायुक्त सहकारिता, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा तथा प्रबन्धक, भारतीय खाद्य निगम, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिये गये।