
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। खुनखुन गर्ल्स पीजी कॉलेज में सोमवार को राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने सांसद निधि से निर्मित नए सभागार का लोकार्पण किया। सभागार को उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय केदार नाथ शर्मा की स्मृति को समर्पित किया। कार्यक्रम की शुरुआत "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण से हुई। डॉ. शर्मा ने कॉलेज परिसर में अशोक और आम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।प्राचार्या डॉ. अंशु केडिया ने कहा कि नया सभागार महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को नई दिशा देगा। अपने संबोधन में डॉ. दिनेश शर्मा ने कॉलेज से जुड़ी पारिवारिक स्मृतियां साझा करते हुए छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए संस्थान की सराहना की तथा सभागार को और सुसज्जित बनाने में सहयोग का आश्वासन दिया।कार्यक्रम के दौरान "युवाओं में बढ़ते मानसिक अवसाद की रोकथाम" विषय पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षाविदों, छात्राओं और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।