
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। मौरावां थाना क्षेत्र के जेरा गांव में सोमवार शाम दर्दनाक हादसे में 11 माह के मासूम की मौत हो गई। घर में खेलते समय बच्चे का हाथ दूध के भगोने पर लग गया। भगोना हिलने से खौलता दूध उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। उपचार के दौरान उन्नाव में देर रात उसने दम तोड़ दिया।मृतक की पहचान रजनीश चंद्र पुत्र मोनू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार घर में एक बच्चे की तबीयत खराब थी और उसके लिए दवा लेने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान चूल्हे पर दूध गर्म किया जा रहा था। खेलते हुए रजनीश भगोने के पास पहुंच गया और अचानक उसका हाथ लगने से भगोना हिल गया। खौलता दूध बच्चे के ऊपर गिरते ही वह चीखने लगा। आवाज सुनकर मां उर्मिला और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे मौरावां सरकारी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में डॉक्टरों ने उन्नाव रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मासूम की मौत से परिवार में मातम छा गया। पिता मोनू मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।