news-details

KGMU के यूरोलॉजी वार्ड में निजी पैथोलॉजी के सैंपल लेने का वीडियो वायरल

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के यूरोलॉजी विभाग में भर्ती मरीजों से निजी पैथोलॉजी के एजेंट द्वारा खून के नमूने लेने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।बताया जा रहा है कि निजी पैथोलॉजी से जुड़े कर्मचारी वार्ड के भीतर पहुंचकर भर्ती मरीजों के रक्त नमूने ले रहे थे। आरोप है कि यह गतिविधि डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में हो रही थी। मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि निजी लैब के कर्मचारी सीधे मरीजों से संपर्क कर जांच के लिए सैंपल लेते हैं और बाद में रिपोर्ट भी वार्ड तक पहुंचाई जाती है।परिजनों का आरोप है कि कई सामान्य जांचों के लिए मरीजों से निजी लैब में अधिक शुल्क वसूला जा रहा है। उनका कहना है कि सरकारी अस्पताल में उपलब्ध जांच सुविधाओं के बावजूद निजी पैथोलॉजी की ओर मरीजों को भेजा जा रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।यूरोलॉजी विभाग में दवाओं और जांचों को लेकर पहले भी मरीजों द्वारा शिकायतें की जाती रही हैं। मरीजों का कहना है कि उन्हें कई बार निजी मेडिकल स्टोर और निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है।KGMU के प्रवक्ता डॉ. के.के. सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए एक समिति गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जांच निष्पक्ष रूप से कराई जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।