
रात्रि चेकिंग में लापरवाही और कार्यों में शिथिलता पर एसपी केशव कुमार की बड़ी कार्रवाई, पूरे पुलिस महकमे को सख्त संदेश
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जनपद में पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और सक्रिय बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने सोमवार को बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की। ड्यूटी में लापरवाही, रात्रि चेकिंग में शिथिलता और पदीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाए जाने पर कसया थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह तथा उपनिरीक्षक संतोष कुमार उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं तरयासुजान थाना क्षेत्र के बहादुरपुर चौकी प्रभारी धर्मवीर सिंह और तिनफेड़िया चौकी प्रभारी शिवम त्रिवेदी को पुलिस लाइन से संबद्ध (लाइन हाजिर) कर दिया गया।पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, कसया थाना के दोनों अधिकारियों पर रात्रि चेकिंग में लापरवाही, पदीय दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता तथा वादियों के प्रति उदासीन रवैया अपनाने के आरोप पाए गए। वहीं तरयासुजान थाना क्षेत्र के दोनों चौकी प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा के दौरान भी लापरवाही सामने आने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने स्पष्ट किया कि जनहित की अनदेखी, ड्यूटी के प्रति लापरवाही और पुलिस कार्यों में शिथिलता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।एसपी की इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में अनुशासन और जवाबदेही मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे पूरे जनपद के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच स्पष्ट संदेश गया है कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।