
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज के साउथ मलाका क्षेत्र में करोड़पति कारोबारी परिवार के चार सदस्यों की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि कारोबारी वीरेंद्र कुमार वैश्य, उनकी पत्नी अनीता और बेटी मीनाक्षी की हत्या उनके बड़े बेटे अभिषेक ने अपने दोस्त सनी गुप्ता के साथ मिलकर की थी। वारदात के बाद दोनों ने घर में रखे करीब डेढ़ करोड़ रुपये के गहने लूट लिए थे।पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और संपत्ति को लेकर नाराजगी मुख्य वजह थी। अभिषेक को आशंका थी कि परिवार उसे संपत्ति से बेदखल कर सकता है। इसी कारण उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। तीनों की हत्या के बाद दोनों आरोपी गहने लेकर भागने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन लूटे गए गहनों के बंटवारे को लेकर उनके बीच विवाद हो गया।जांच में सामने आया कि विवाद के दौरान सनी गुप्ता ने अभिषेक की भी हत्या कर दी। इसके बाद उसने अभिषेक के शव को नीचे बनी दुकान में छोड़ दिया और दुकान को बाहर से बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी सनी गुप्ता को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से लूटे गए गहने बरामद कर लिए हैं।पुलिस पूछताछ में सनी ने बताया कि अभिषेक ने ही उसे वारदात में शामिल किया था। उसका आरोप है कि अभिषेक ने गहनों में हिस्सा देने का वादा किया था, लेकिन बाद में मुकर गया, जिसके चलते दोनों के बीच विवाद हुआ और उसने अभिषेक की हत्या कर दी।मंगलवार को पड़ोसियों ने घर से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कारोबारी दंपति और उनकी बेटी के शव बरामद हुए। बाद में नीचे स्थित दुकान का ताला तोड़ने पर अभिषेक का शव भी मिला। घटनास्थल से एक गत्ता भी मिला था, जिस पर लाल पेन से कुछ नाम लिखे हुए थे। पुलिस का मानना है कि यह जांच को गुमराह करने की कोशिश थी।जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद आरोपियों ने खून के निशान मिटाने के लिए फर्श को पानी, फ्लोर क्लीनर और तेल से साफ करने का प्रयास किया था। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।