news-details

कप्तानगंज में लगेगी महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल

You can share this post!

पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। महिलाओं की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, महिला उत्पीड़न की रोकथाम तथा पात्र महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 25 अगस्त को कप्तानगंज तहसील सभागार में महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य जनक नंदिनी करेंगी। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं की शिकायतें और समस्याएं सुनी जाएंगी तथा उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की जाएगी। जागरूकता चौपाल में महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत और उत्तर प्रदेश बाल सेवा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र लाभार्थियों का मौके पर यथासंभव पंजीकरण भी कराया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा। इसमें महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल का लाभ उठाने और अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने की अपील की है।