news-details

कलश यात्रा के साथ मां दुर्गा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ, जयकारों से गुंजायमान हुआ सुकरौली

You can share this post!

 

हाथी-घोड़े, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर निकली भव्य शोभायात्रा, पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का हुआ स्वागत

पारदर्शी विकास ब्यूरो सुकरौली, कुशीनगर। नगर पंचायत सुकरौली इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। वार्ड संख्या-05, सरदार पटेल नगर स्थित गली देव महाराज के बगल ब्लॉक परिसर में आयोजित मां दुर्गा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। चारों ओर "जय माता दी" के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो गया है।सोमवार को महोत्सव के प्रथम चरण में हाथी, घोड़े, ढोल-नगाड़ों और डीजे पर बज रहे भक्तिमय गीतों के बीच भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। श्रद्धालु जयकारों के साथ पूरे नगर में भ्रमण करते हुए भक्ति और सनातन संस्कृति का संदेश देते नजर आए।कलश यात्रा के दौरान नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। इससे पूरा सुकरौली नगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया और हर ओर मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे।आयोजन में राजेंद्र जैसवाल, राजेश कुमार गुप्ता, सुकरौली मंडल अध्यक्ष रामप्रवेश कश्यप, वरुण जायसवाल, अंकुश जैसवाल, मोहनलाल गुप्त, अशोक कुमार (पत्रकार), कृष्णा जायसवाल, दीपक गुप्ता और बैजनाथ मद्धेशिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।आयोजकों के अनुसार, 23 जून को अन्न, फल एवं फूल मिलान दिवस मनाया जाएगा, जबकि 24 जून को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के बीच मां दुर्गा की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी, जो महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा। कार्यक्रम का समापन 25 जून को विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह चाक-चौबंद रही। चौकी प्रभारी धीरेंद्र वर्मा अपनी टीम के साथ पूरे समय मुस्तैद रहे और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक समरसता, एकता और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का प्रतीक बनकर उभरा। "जय माता दी" और "सनातन धर्म की जय" के नारों से पूरा सुकरौली नगर गुंजायमान रहा।