
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में रेलवे स्टेशन मोड़ के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 16 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। बालू से लदे तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल से जा रही छात्रा को कुचल दिया, जिससे उसके हाथ और पैर के ऊपर से डंपर के पहिए गुजर गए।घायल छात्रा हिमांशी पुत्री नेत्रपाल कठेरिया, मझोला गांव की निवासी है और स्थानीय विद्यालय में कक्षा 10 की छात्रा है। हादसे के बाद उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि छात्रा अपने भतीजे निखिल के साथ दवा लेने जा रही थी, जो इस हादसे में बाल-बाल बच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर चालक मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चला रहा था, जिससे वह छात्रा को नहीं देख सका और यह हादसा हो गया। घटना के बाद चालक मौके से डंपर छोड़कर फरार हो गया। वहीं, स्थानीय लोगों ने डंपर के परिचालक ऋषभ को पकड़कर पीट दिया, जिससे वह भी घायल हो गया और उसे भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों ने रेलवे स्टेशन मोड़ को बेहद खतरनाक बताते हुए कहा कि यह इलाका लगातार हादसों का कारण बन रहा है। लोगों के मुताबिक भारी वाहनों की लगातार आवाजाही और अंधा मोड़ होने के कारण यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने ओवरब्रिज निर्माण की मांग करते हुए प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।