
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। कमालगंज नगर पंचायत क्षेत्र में खुले में कूड़ा जलाने की समस्या से लोग परेशान हैं। भटपुरा के पास नगर पंचायत द्वारा एकत्र किए गए कूड़े के ढेर में आग लगाए जाने से आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल रहा है। इससे दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़ा जलने से निकलने वाले धुएं से सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और दुर्गंध की समस्या बनी रहती है। दिनभर धुआं उठने से वातावरण प्रदूषित हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।दुकानदार मुन्नालाल ने बताया कि दुकान के पास बार-बार कूड़ा जलाया जाता है। धुएं और बदबू के कारण ग्राहक भी परेशान होते हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से खुले में कूड़ा जलाने पर रोक लगाने और कूड़ा निस्तारण की बेहतर व्यवस्था करने की मांग की है।नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी योगेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि खुले में कूड़ा जलता पाया गया तो संबंधित कर्मचारियों को निर्देश देकर कार्रवाई की जाएगी।