news-details

केदारनाथ से लौटते समय फर्रुखाबाद के अधिवक्ता की 600 फीट गहरी खाई में गिरकर मौत

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के कम्पिल कस्बा निवासी अधिवक्ता प्रियांशु शुक्ला की केदारनाथ धाम से लौटते समय दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। बताया गया कि दर्शन करने के बाद वापसी के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह करीब 600 फीट गहरी खाई में जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और स्थानीय बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी प्रयासों के बाद उन्हें खाई से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।घटना 10 जून की बताई जा रही है। प्रियांशु शुक्ला अपने साथियों दीपक, एटा के अलीगंज क्षेत्र के तिसौली गांव निवासी साले सुधांशु और रिश्ते के साले प्रांशु के साथ दो बाइकों से चारधाम यात्रा पर गए थे। उन्होंने यात्रा के दौरान 6 जून को बद्रीनाथ, 8 जून को तुंगनाथ और 9 जून को केदारनाथ धाम के दर्शन किए थे। दर्शन के बाद 10 जून को वापसी के दौरान वे शॉर्टकट रास्ते से नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरी खाई में गिर गए।रेस्क्यू के बाद उन्हें एमआरपी भीमबली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शुक्रवार सुबह उनका शव फर्रुखाबाद के कम्पिल स्थित आवास पर पहुंचा, तो परिवार में कोहराम मच गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे और माहौल गमगीन हो गया। इसके बाद अटेना घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।प्रियांशु शुक्ला, नरेंद्र शुक्ला के बड़े पुत्र थे और फर्रुखाबाद कचहरी में वकालत करते थे। उनकी शादी लगभग चार साल पहले हुई थी और उनके परिवार में पत्नी, दो वर्षीय पुत्र, छोटा भाई रियांश और चार बहनें हैं। बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान वे लगातार सोशल मीडिया पर तस्वीरें और पोस्ट साझा कर रहे थे, जिससे उनकी अचानक मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।