
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में कुत्ते के काटने को लेकर हुए विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब एक पूर्व प्रधान राइफल लेकर मौके पर पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने पूर्व प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शांति भंग की आशंका में उसका चालान कर दिया है। बताया गया कि पूर्व प्रधान के भतीजे को एक पालतू कुत्ते ने काट लिया था। बच्चा रोते हुए घर जा रहा था, तभी खेत की ओर जा रहे पूर्व प्रधान ने उससे घटना की जानकारी ली और कुत्ते के मालिक के घर शिकायत करने पहुंच गए। इस दौरान उनके हाथ में राइफल होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया।पूर्व प्रधान के अनुसार, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और उनकी राइफल छीनने की कोशिश की। वहीं दूसरी ओर, कुत्ते के मालिक पक्ष की एक महिला ने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान ने घर के बाहर आकर उस पर राइफल तान दी, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। शमशाबाद थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही, पूर्व प्रधान के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।