
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुरारा (हमीरपुर): विकास खंड क्षेत्र के भैंसापाली गांव में आंधी-तूफान के दौरान बिजली का पोल टूट जाने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी समस्या का समाधान न होने पर ग्राम प्रधान समेत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर बिजली बहाल कराने की मांग की है। ग्राम प्रधान किरण देवी और ग्रामीणों ने बताया कि 28 मई को आए आंधी-तूफान में पाल मोहल्ले का विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद है। पंचायत कार्यालय की बिजली भी बाधित होने से कार्यालयीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद विद्युत विभाग ने अब तक पोल की मरम्मत नहीं कराई है। उन्होंने जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।