
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में शासकीय कार्य में बाधा, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की शिकायत पर कुमारगंज पुलिस ने दो सेवानिवृत्त कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।विश्वविद्यालय के निदेशक प्रशासन एवं परिवीक्षण सुशान्त श्रीवास्तव ने थाना कुमारगंज में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि ग्राम जोरियम निवासी रविनाथ सिंह और हरिनाथ सिंह विश्वविद्यालय कार्यालय पहुंचे और कर्मचारियों पर दबाव बनाते हुए अभद्र व्यवहार किया।आरोप है कि दोनों सोमवार सुबह करीब 11 बजे निदेशक कार्यालय पहुंचे और एक लंबित कार्य को लेकर संबंधित पटल सहायक पर दबाव बनाने लगे। मामले की जानकारी मिलने पर उन्हें निदेशक कक्ष में बुलाया गया, जहां बताया गया कि उनका कार्य पहले ही निस्तारित किया जा चुका है। इसके बावजूद दोनों कथित तौर पर आक्रोशित हो गए और दुर्व्यवहार करने लगे।विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार दोनों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली, गाली-गलौज की और परिसर से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस तरह का व्यवहार दोनों पहले भी कर चुके हैं।पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, गाली-गलौज और धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच चौकी प्रभारी कृषि विश्वविद्यालय अभिषेक सिंह को सौंपी गई है।