news-details

क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक हुई, विधायक ने किया ग्राम प्रधानों का सम्मान

You can share this post!

सरकार के साथ आने पर गौरीगंज में बनवाईं 86 सडकें-राकेश प्रताप सिंह

 

 

अमेठी/गौरीगंज। गौरीगंज विधानसभा सीट से विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि गौरीगंज की जनता ने उनके परिवार को जो प्यार, स्नेह और आशीर्वाद दिया है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और मान-सम्मान के लिए वह सदैव संघर्ष करते रहेंगे। विकास क्षेत्र गौरीगंज सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक एवं जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए विधायक ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल आगामी 26 मई को समाप्त हो रहा है, अब कार्यकाल बढ़ाया जाएगा या प्रशासक नियुक्त होगा, यह भविष्य के गर्भ में है।विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने गांवों में उत्कृष्ट कार्य कर विकास की नई मिसाल कायम की है, इसी कारण सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि जब भी उनके सम्मान और अस्तित्व पर संकट आया, तब क्षेत्र की जनता ने कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया, जिसे वह कभी नहीं भूल सकते।उन्होंने कहा कि कुछ लोग पद और प्रतिष्ठा पाकर अहंकार में आ जाते हैं, जबकि पद क्षणिक होता है। विधायक ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें बीडीसी, तीन बार जिला पंचायत सदस्य, पांच बार ब्लॉक प्रमुख और तीन बार विधायक बनाने के साथ-साथ जिला पंचायत अध्यक्ष और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष का दायित्व भी जनता ने ही दिया है।शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बैठक में जल जीवन मिशन योजना और विद्युत विभाग के अधिकारियों से सवाल-जवाब कर व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। इस दौरान दोनों विभागों के अधिकारी जवाब देने में असहज नजर आए। इस पर विधायक राकेश प्रताप सिंह ने बिजली कटौती पर अंकुश लगाने तथा आंधी-तूफान में गिरे बिजली के खंभों को तत्काल दुरुस्त कर उपभोक्ताओं को निर्धारित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।विधायक ने कहा कि पिछले सात वर्षों में जब वह सरकार के साथ नहीं थे, तब गौरीगंज का काफी नुकसान हुआ, लेकिन पिछले दो वर्षों से सरकार के साथ रहने पर क्षेत्र के विकास के लिए बड़े पैमाने पर धनराशि मिली है। उन्होंने बताया कि गौरीगंज में 72 नई सड़कों का निर्माण, 14 सड़कों का चौड़ीकरण कराया गया है तथा छह धर्मार्थ सड़कों के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया है।कार्यक्रम में विधायक राकेश प्रताप सिंह, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह एवं ब्लॉक प्रमुख उमेश प्रताप सिंह ने ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं मीडिया कर्मियों को सम्मानित किया।कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक ऐश्वर्य यादव ने किया, जबकि ब्लॉक प्रमुख उमेश प्रताप सिंह ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, कमला शंकर मिश्र, प्रधान संघ अध्यक्ष अश्वनी पाण्डेय, ललित सिंह, जदुनाथ मौर्य, पवन सिंह, पंकज पाण्डेय, अभय सिंह, जिला पंचायत सदस्य अभिषेक सिंह, राहुल शुक्ला, रामसुफल सरोज, अजय सिंह, रवि मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।