news-details

कृषि मंत्री ने किया निरीक्षण, जुलाई 2026 तक पूरा करने के निर्देश

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर में निर्माणाधीन महात्मा गौतम बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर भी मौजूद रहे। मंत्री ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और अतिरिक्त मैनपॉवर लगाकर सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराए जाएं।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि एकेडमिक ब्लॉक, लेक्चर हॉल, छात्रावास, आवासीय भवन एवं गेस्ट हाउस का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और वर्तमान में फिनिशिंग का कार्य जारी है। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विश्वविद्यालय का संपूर्ण निर्माण कार्य हर हाल में जुलाई 2026 के अंत तक पूरा कर लिया जाए। साथ ही मुख्य मार्ग से विश्वविद्यालय को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का निर्माण भी जल्द शुरू कराने को कहा।इसके बाद कृषि मंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर डेंचा बीज वितरण, यूरिया एवं डीएपी की उपलब्धता, फार्मर रजिस्ट्री सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिक से अधिक किसानों को डेंचा बीज उपलब्ध कराया जाए ताकि भूमि की उर्वरता बढ़े और उत्पादन में सुधार हो सके।मंत्री ने उर्वरकों के वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों को उनकी भूमि के रकबे के अनुसार ही यूरिया एवं डीएपी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीमावर्ती जनपद होने के कारण उर्वरकों की अवैध आपूर्ति रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि जनपद में वर्तमान समय में यूरिया, डीएपी एवं डेंचा बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं तथा भविष्य की मांग को देखते हुए शासन को अतिरिक्त आपूर्ति के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।