कुशीनगर में 45.17 लाख पौधों का सत्यापन 25 अक्टूबर तक
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जिले में वृक्षारोपण महाभियान-2026 के तहत रोपित 45.17 लाख पौधों की सुरक्षा और देखभाल को लेकर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। जिलाधिकारी संजय चौहान ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण, पर्यावरण, गंगा और आर्द्रभूमि समितियों की समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि पांच जून को 6.08 लाख और 12 जुलाई 2026 को 39.09 लाख पौधे रोपे गए। इनमें वन विभाग के 14.50 लाख तथा अन्य 23 विभागों के 30.67 लाख पौधे शामिल हैं।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि वर्ष 2026-27 के वृक्षारोपण का अंतर्विभागीय सत्यापन 25 अक्टूबर तक पूरा कर रिपोर्ट प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय में जमा कराई जाए। स्वास्थ्य, राजस्व, ग्राम विकास, बेसिक शिक्षा और पंचायती राज विभाग में जियोटैगिंग का कार्य अधूरा मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और इसे तत्काल शत-प्रतिशत पूरा कराने को कहा।उन्होंने स्पष्ट किया कि पौधारोपण की सफलता केवल पौधे लगाने में नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और जीवितता सुनिश्चित करने में है।बैठक में बांसी नदी के जीर्णोद्धार, जैव विविधता रजिस्टर, ग्राम आर्द्रभूमि समितियों, वेटलैंड संरक्षण, स्वच्छता ही सेवा अभियान और ग्रीन चौपाल की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण और नदियों के पुनरुद्धार से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और समिति सदस्य मौजूद रहे।