news-details

कुशीनगर के 4.86 लाख किसानों के खाते में पहुंची 97.21 करोड़ की सम्मान निधि

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर कुशीनगर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके साथ ही देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई। इसी क्रम में कुशीनगर जिले के 4.86 लाख पात्र किसानों के खातों में 97.21 करोड़ रुपये भेजे गए। किस्त जारी होने से जिले के लाखों किसान परिवारों को आर्थिक राहत मिली है।इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में डॉ. वीएन प्रसाद, जिला परिषद सदस्य, उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. नवीन कुमार सिंह तथा आरआरएस अध्यक्ष डॉ. पुष्पेंद्र प्रताप सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह धनराशि दो-दो हजार रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है। योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करना और खेती-किसानी के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता में मदद करना है।उन्होंने कहा कि इस सहायता राशि से किसान बीज, खाद और अन्य कृषि निवेशों की जरूरतों को पूरा करने में मदद प्राप्त करते हैं। साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की कि योजना का लाभ लगातार प्राप्त करने के लिए ई-केवाईसी, आधार से बैंक खाते की लिंकिंग और फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी करा लें। किसान आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपनी पात्रता और किस्त के भुगतान की स्थिति भी देख सकते हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था, खाद्य सुरक्षा और आत्मनिर्भर कृषि को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सशक्त किसान और समृद्ध गांव के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में यह योजना अहम पहल है। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. विवेकानन्द सिंह, डॉ. गंगाराज आर., डॉ. रमेश केवी सिंह, सुश्री रिद्धि वर्मा, डॉ. अरुण प्रताप सिंह, जमालुद्दीन अंसारी, सहायक विकास अधिकारी कृषि जितेन्द्र शर्मा एवं मदन गोपाल गौतम, जेपी गुप्ता, मोतीलाल कुशवाहा, हरिहर सिंह, संपत पटेल, कृपा शंकर चौधरी और कौशलेन्दु सिंह सहित कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।