
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा पर एक एलपीजी टैंकर अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा से टकरा गया। टक्कर के बाद गैस रिसाव हुआ और तेज धमाके के साथ टैंकर में भीषण आग लग गई। हादसे में सात लोग घायल हुए, जिनमें पांच टोल कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर कानपुर से प्रतापगढ़ की ओर जा रहा था। ओवरटेक के दौरान वह डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इसके बाद गैस रिसाव शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। हादसे के बाद चालक और परिचालक वाहन से कूदकर सुरक्षित निकल गए।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने तक हाईवे पर यातायात रोक दिया गया। बाद में एक लेन से वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई।एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि गंभीर रूप से झुलसे पांच कर्मचारियों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। आग की चपेट में आकर टोल प्लाजा के यार्ड में खड़ी 16 बाइक और दो कारें भी जलकर राख हो गईं। पुलिस और तकनीकी टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही है।