
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। खरीफ सीजन 2026 को लेकर किसानों के लिए राहत भरी खबर है। कृषि विभाग ने अनुदानित बीज एवं निःशुल्क मिनीकिट बीज वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत धान, बाजरा, उर्द, मूंग, अरहर, तिल, श्री अन्न समेत विभिन्न खरीफ फसलों के बीज किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे।जिला कृषि अधिकारी डॉ. मेनका ने जानकारी देते हुए बताया कि बीज प्राप्त करने के लिए किसानों को कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन करने वाले पात्र किसानों का चयन ऑनलाइन लॉटरी प्रणाली से किया जाएगा और चयनित किसानों को पीओएस मशीन के माध्यम से बीज वितरित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसान का “फार्मर रजिस्ट्री” में पंजीकरण होना जरूरी है। जिन किसानों ने अब तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करा लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।कृषि विभाग के अनुसार जिले के सभी विकास खंडों पर स्थित राजकीय कृषि बीज भंडारों में धान और बाजरा के बीज उपलब्ध हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं और खरीफ फसलों की बेहतर पैदावार सुनिश्चित करें।