
PARDARSHI VIKASH NEWS केरल के कोठामंगलम में मुवत्तुपुझा नदी से एक ही परिवार के चार शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो नाबालिग बच्चे शामिल हैं। पुलिस के अनुसार पूरा परिवार 25 जून से लापता था और पिछले 48 घंटों में नदी के अलग-अलग हिस्सों से सभी शव बरामद किए गए।मृतकों की पहचान नारायणन, उनकी दृष्टिबाधित पत्नी विजी और उनके दो बच्चों के रूप में हुई है। परिवार कोठामंगलम में किराए के मकान में रहता था और लंबे समय से आर्थिक तंगी व मानसिक परेशानियों का सामना कर रहा था। पुलिस की जांच में सामने आया कि परिवार के लापता होने से पहले वे एक रेस्टोरेंट गए थे, जहां के सीसीटीवी फुटेज में चारों एक साथ दिखाई दिए। इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला।पुलिस के मुताबिक, परिवार पिछले करीब एक वर्ष से किराए के मकान में रह रहा था। लगभग 45 दिन पहले मकान मालिक ने घर खाली करने का नोटिस दिया था। इसके बाद नारायणन ने पुलिस से मदद मांगी थी। पुलिस ने परिवार के लिए अस्थायी ठहरने की व्यवस्था कराई, भोजन और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया तथा नया किराए का मकान भी तलाश लिया था। जिस दिन परिवार लापता हुआ, उसी दिन उन्हें नए घर में शिफ्ट होना था।जांच अधिकारियों का कहना है कि परिवार को स्थायी आवास दिलाने का भी भरोसा दिया गया था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना ने आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवारों की स्थिति और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।