
PARDARSHI VIKASH NEWS केरल में इस साल निपाह वायरस का पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। कोझिकोड जिले के 43 वर्षीय व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिसके बाद मरीज को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और वह फिलहाल वेंटिलेटर सपोर्ट पर है।जानकारी के अनुसार, मरीज को पहले हल्का बुखार आया था, जिसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां जांच में निपाह वायरस की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार मरीज कई लोगों के संपर्क में आया था, इसलिए उसके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उन्हें क्वारंटीन किया जा रहा है। फिलहाल लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की गई है।स्वास्थ्य विभाग ने मरीज का ट्रैवल और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी है ताकि संक्रमण के संभावित फैलाव को रोका जा सके। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की रणनीति तय होगी।निपाह वायरस का इतिहास भी गंभीर रहा है। 1998-99 में मलेशिया में पहली बार इसकी पहचान हुई थी, जहां सूअरों और चमगादड़ों के जरिए संक्रमण फैला और बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई थी। भारत में पहला मामला 2001 में पश्चिम बंगाल में सामने आया था, जबकि केरल में 2018 के बाद से कई बार इसके मामले दर्ज किए जा चुके हैं। यह वायरस मुख्य रूप से फल खाने वाले चमगादड़ों (फ्रूट बैट) से फैलता है और मानव से मानव में भी संक्रमण का खतरा रहता है।फिलहाल केरल सरकार ने निगरानी और रोकथाम उपाय तेज कर दिए हैं, और स्वास्थ्य टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।