news-details

केरल में कांग्रेस के CM चेहरे पर मंथन, राहुल गांधी की पहली पसंद बताए जा रहे केसी वेणुगोपाल

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS राहुल गांधी की केरल के मुख्यमंत्री पद के लिए पहली पसंद केसी वेणुगोपाल बताए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने दिल्ली में वेणुगोपाल से अकेले में मुलाकात भी की है। इसके बाद माना जा रहा है कि कांग्रेस जल्द ही मुख्यमंत्री चेहरे का ऐलान कर सकती है। वेणुगोपाल फिलहाल अलाप्पुझा लोकसभा सीट से सांसद हैं।केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी चर्चाओं के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री का चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से होता है। चेन्निथला ने कहा, “हमारे यहां ऐसा सिस्टम नहीं है कि मोदी-शाह सारे फैसले लें।”राज्य में चुनाव नतीजे आए छह दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान नहीं हुआ है। 10 साल बाद कांग्रेस की सत्ता में वापसी हुई है। कांग्रेस ने 140 में से 63 सीटें जीती हैं, जबकि CPI(M) 26 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। हार के बाद पिनाराई विजयन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।9 मई को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर केरल कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस के 63 विधायकों में से करीब 75 से 80 प्रतिशत ने केसी वेणुगोपाल के नाम का समर्थन किया है।बताया जा रहा है कि यदि वेणुगोपाल मुख्यमंत्री बनते हैं तो इरिक्कूर से चुनाव जीते सनी जोसेफ अपनी सीट छोड़ सकते हैं, ताकि वेणुगोपाल विधानसभा चुनाव लड़ सकें।रिपोर्ट्स के अनुसार, विपक्ष के नेता वीडी सतीशन को बैठक में केवल छह विधायकों का समर्थन मिला। हालांकि बाद में कांग्रेस के तीन पूर्व प्रदेश अध्यक्षों ने उनके नाम का समर्थन किया। वहीं UDF के सहयोगी दल IUML और केरल कांग्रेस (जोसेफ) ने भी सतीशन के पक्ष में समर्थन जताया है।इधर, दक्षिण भारत के दूसरे राज्यों में नई सरकारों का गठन शुरू हो गया है। विजय तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बन चुके हैं। उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम को विधानसभा चुनाव में 108 सीटें मिली थीं। वहीं पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी ने भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है।