
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी/गौरीगंज । बुधवार को मिश्रौली गांव के पूरे तेजी मजरे में स्थित ग्राउंड पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में संसदीय क्षेत्र के बूथ से लेकर जिला स्तर तक के पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। चिलचिलाती धूप में लगभग तीन घंटे तक चले इस कार्यकर्ता सम्मेलन में अपने नेता राहुल गांधी को सुनने के लिए पार्टी कार्यकर्ता उत्साह से लवरेज दिखे। कार्यकर्ता सम्मेलन के बहाने कांग्रेस पार्टी ने गांधी परिवार की धरती से प्रदेश और देश की राजनीति में बदलाव के वातावरण का बिगुल फूंका । पार्टी नेताओं ने मोदी सरकार को अन्यायी, लोकतंत्र और संविधान विरोधी सरकार के रूप में परिभाषित किया और लोकसभा में प्रति पक्ष के नेता राहुल गांधी को इंसाफ की लड़ाई के लिए संघर्षरत अन्याय के प्रतिकार और देश की रक्षा को समर्पित राजनीतिक बदलाव के अग्रदूत के रूप में प्रस्तुत किया।कार्यकर्ता सम्मेलन में आए कांग्रेस समर्थक देश में आर्थिक संकट और बढ़ती मंहगाई से दुःखी नजर आए। सभी पार्टी नेताओं ने एक एक करके मोदी सरकार को निशाने पर लिया और कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जबाब देने वाला केवल एक नेता -राहुल गांधी है। राहुल गांधी ने देश वासियों को लोकतंत्र और संविधान के मामले में सजग करने के लिए दस हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा की है। कार्यकर्ता सम्मेलन का संचालन कर रहे पूर्व एम एल सी दीपक सिंह ने पार्टी के सभी प्रमुख पदाधिकारियों और नये पुराने कार्यकर्ताओं को मंच पर बोलने का अवसर देकर पार्टी संगठन में समन्वय स्थापित करने की भरपूर कोशिश की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य रहे मुन्ना सिंह त्रिशुंडी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ नरेन्द्र मिश्र और भोला तिवारी तीन बार बुलाने के बाद भी मंच पर बोलने नहीं आए। पूर्व विधायक हरिचरण यादव के बोलने के समय प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता मोना मिश्र मंच पर उपस्थित हुई। हरिचरण यादव अपनी बात नहीं कह पाए, उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात जरूर की।बार एसोसिएशन गौरीगंज के पूर्व अध्यक्ष केवल प्रसाद शुक्ल ने कहा कि मंहगाई, हिटलर शाही और भ्रष्टाचार के मामले में मोदी सरकार ने अंग्रेजी हुकूमत के भी कान काट दिए हैं।शत्रुघ्न सिंह ने जनता से लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए राहुल गांधी के साथ खड़े होने का आह्वान किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिका के गुलाम हो गए हैं।वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक सिंह हिटलर ने नरेंद्र मोदी को झूठा प्रधानमंत्री बताया और मोदी सरकार में बैठे लोगों को काले अंग्रेज की संज्ञा दी।पूर्व जिला पंचायत सदस्य कलावती मौर्य ने मंहगाई और बेरोज़गारी के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरा और कहा कि यूपीए के राज में सिलेंडर सिर पर रखकर विरोध प्रदर्शन करने वाली दीदी अब नहीं दिख रही।एक हजार रुपए में भी जनता को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। सभी परीक्षाएं लीक हो रही है।एन एस यू आई के जिला अध्यक्ष शिवम् तिवारी ने कहा कि पिछले 12साल में 80परीक्षाओं में पेपर लीक हुए हैं। सरकार युवाओं का भविष्य चौपट करने पर तुली हुई है।अर्जुन पासी ने कहा कि देश में जनता का दर्द समझने वाले नेता एक मात्र राहुल गांधी हैं। जगदीशपुर से विधानसभा चुनाव लड चुके विजय पासी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में देश में बदलाव की बयार चल रही है।2027और2029के चुनाव में सरकार निश्चित रूप से बदलेगी।
कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के बोल -एक नजर अमेठी में हर बीस किलोमीटर पर राष्ट्रीय राजमार्ग राहुल गांधी की देन है। राजीव गांधी कम्प्यूटर क्रांति के जनक है।देश में विकास और रोजगार गांधी परिवार की देन है।-राधेश्याम धोबी राहुल गांधी अब अमेठी ही नहीं देश के अभिभावक हैं। सरकार भले ही तानाशाही पर उतारू है परन्तु लोकतंत्र में जनता सर्वशक्तिमान होती है।देश की जनता राहुल गांधी के साथ खड़ी हो रही है। कार्यकर्ता अपना जोश बनाए रखें, जनता से जुड़े रहें। कांग्रेस ही देश का भविष्य है।-राजीव सिंह नफ़रत की राजनीति,वोट की राजनीति भाजपा का स्वभाव है।देश का भार जिनके कंधों पर है वे हमेशा झूठ बोलने का काम करने हैं। जुमले बाज सरकार के दिन अब पूरे होने वाले हैं।-आशीष शुक्ला मैं मिडिल क्लास का आदमी हूं। एक सामान्य कार्यकर्ता हूं। गांधी परिवार के आशीर्वाद से जनता ने 15दिन के चुनाव में मुझे लोकसभा भेज दिया।मैं तेईस साल से अमेठी की सेवा कर रहा हूं ।मै चाहता हूं मैं सेवक के रूप में कर्म करता रहूं। सांसद गांधी परिवार का कोई हो,यही मेरी दिली इच्छा है।-किशोरी लाल शर्मा देश और संविधान की रक्षा के लिए राहुल गांधी जी ने दस हजार किलोमीटर यात्रा की है। नरेंद्र मोदी ने देश को बर्बाद कर दिया है। आर्थिक गुलाम बना दिया है।इनको जबाब देने वाला केवल एक नेता राहुल गांधी है।-अजय राय