
पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शनिवार को खड्डा तहसील क्षेत्र के कोप जंगल स्थित गौ संरक्षण केंद्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गौवंशों की सुरक्षा, देखभाल एवं संरक्षण के लिए आवश्यक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पशुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए केंद्र के विस्तार के लिए तीन चरणों में अतिरिक्त निर्माण कार्य की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केंद्र में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराना जरूरी है।उन्होंने केंद्र को हैंडओवर किए जाने से पहले पेयजल, विद्युत प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होने के बाद ही हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाए।जिलाधिकारी ने कर्मचारियों के मानदेय भुगतान संबंधी मामलों की समीक्षा करते हुए समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पशुओं के बेहतर पोषण के लिए हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता तथा बड़े पैमाने पर नेपियर घास की बुवाई कराने को कहा।भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने गौवंशों के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी वर्षा ऋतु में लगभग पांच हजार पौधों के वृक्षारोपण के लिए भूमि चिन्हित करने का आदेश भी दिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा गौवंशों को गुड़-चना खिलाया। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी खड्डा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।