news-details

कानपुर देहात दौरे पर प्रभारी मंत्री संजय निषाद आज

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur Dehat

उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग मंत्री एवं कानपुर देहात के प्रभारी मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद आज जनपद के दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आयोजित यात्रा की अध्यक्षता भी करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डॉ. संजय निषाद सुबह 11 बजे निरीक्षण भवन, माती पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे हिंदी भवन में आयोजित नशा मुक्ति एवं नारी शक्ति वंदन अभियान कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

इसके उपरांत दोपहर 1 बजे हिंदी भवन से अकबरपुर चौराहे तक आयोजित नारी शक्ति वंदन अधिनियम समर्थन यात्रा का नेतृत्व करेंगे। इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा के माध्यम से महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और अधिकारों को लेकर जागरूकता संदेश दिया जाएगा।

दोपहर 1:45 बजे प्रभारी मंत्री भाजपा जिला कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वह प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा कर सकते हैं।

इसके बाद दोपहर 3 बजे डॉ. निषाद पुलिस लाइन पहुंचकर प्रशिक्षु आरक्षियों से संवाद करेंगे। यहां वह अनुशासन, प्रशिक्षण, कानून व्यवस्था और जनता से व्यवहार जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।

शाम 5:30 बजे उनका कार्यक्रम तहसील सिकंदरा में प्रस्तावित है, जहां वह भाजपा जिला मंत्री स्वर्गीय विनोद नायक की शोक सभा में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।