
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कानपुर देहात पुलिस पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा शुरू होने से पहले पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने पुलिस लाइन पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा सामग्री रखे गए स्ट्रांग रूम का गहन परीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात सशस्त्र पुलिस बल की मुस्तैदी, सीसीटीवी कैमरों के जरिए हो रही लाइव मॉनिटरिंग और डबल लॉकिंग सिस्टम की जांच की। साथ ही गोपनीय दस्तावेजों की सीलिंग और रखरखाव प्रक्रिया का भी सत्यापन किया गया।इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया, जहां से जिले के सभी परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों, पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने सुनिश्चित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा में चूक न हो।पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नकल या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की कोशिश पर तुरंत कठोर कार्रवाई की जाएगी और सभी कर्मियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।इस दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात संजय गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने दावा किया है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी माहौल में कराई जाएगी।