news-details

कानपुर मेट्रो का पूरा कॉरिडोर तैयार, जुलाई में IIT से नौबस्ता तक दौड़ेगी मेट्रो

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKAHS NEWS कानपुर वासियों का लंबे समय से इंतजार अब खत्म होने वाला है। जुलाई का महीना शहर के लिए ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है, क्योंकि कानपुर मेट्रो का पहला कॉरिडोर (आईआईटी से नौबस्ता) पूरी तरह शुरू होने की तैयारी में है। कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक के अंतिम सेक्शन का फाइनल निरीक्षण शुरू हो चुका है और सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा तो जुलाई के पहले या दूसरे सप्ताह में पूरे कॉरिडोर पर मेट्रो का संचालन शुरू हो जाएगा। दिल्ली से आए मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) नीलाभ्र सेनगुप्ता के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम तीन दिन तक इस सेक्शन का निरीक्षण कर रही है। टीम सिग्नलिंग सिस्टम, ट्रैक, बिजली व्यवस्था, स्टेशन और सिविल निर्माण समेत सभी तकनीकी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। निरीक्षण सफल रहने के बाद सीएमआरएस की मंजूरी मिलते ही मेट्रो संचालन का रास्ता साफ हो जाएगा।यूपीएमआरसी के संयुक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) पंचानन मिश्रा के अनुसार, 7 से 8 जुलाई तक अंतिम स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इसके बाद उद्घाटन की औपचारिकता पूरी होते ही आम यात्रियों के लिए पूरे कॉरिडोर को खोल दिया जाएगा।आईआईटी से नौबस्ता तक 23.50 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर का सफर अब केवल 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा, जबकि सड़क मार्ग से यही दूरी तय करने में डेढ़ से दो घंटे तक लग जाते हैं। पूरे रूट का अधिकतम किराया 60 रुपये निर्धारित किया गया है।पूरे कॉरिडोर पर कुल 29 मेट्रो ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। वर्तमान में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक 6 ट्रेनें चल रही हैं। प्रत्येक मेट्रो ट्रेन में 974 यात्रियों के सफर की क्षमता है, जिनमें 200 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। मेट्रो के पूरे कॉरिडोर के शुरू होने से शहरवासियों को जाम से राहत मिलने के साथ तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की नई सौगात मिलेगी।