news-details

कानपुर में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश, 9 जुलाई तक बारिश का अलर्ट

You can share this post!

 

कानपुर। मानसून सक्रिय होने के बाद कानपुर का मौसम लगातार करवट ले रहा है। बुधवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और शहर के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दिलाई। वहीं मंगलवार को हुई हल्की बारिश के बाद बड़ी संख्या में लोग शाम के समय गंगा बैराज और अन्य प्रमुख स्थानों पर मौसम का आनंद लेने पहुंचे।मौसम विभाग ने 9 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों के दौरान शहर का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 0.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। एक जून से अब तक कुल 95.5 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो सामान्य से लगभग 26 प्रतिशत कम है।मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। दोपहर में कुछ समय के लिए धूप निकल सकती है, लेकिन उसके लंबे समय तक टिकने की संभावना नहीं है।विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर प्रदेश में सक्रिय विभिन्न मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से अगले तीन से चार दिनों तक मौसम सुहावना बना रहेगा और बीच-बीच में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं होगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।