
गांधीनगर से कामाख्या जा रही 15667 कामाख्या एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच बी-3 का एसी खराब होने से 72 यात्रियों को भीषण गर्मी में सफर करना पड़ा। आगरा से कानपुर सेंट्रल के बीच करीब छह घंटे तक यात्रियों ने 43 डिग्री तापमान में परेशानी झेली। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई।दोपहर करीब एक बजे आगरा के पास ईदगाह स्टेशन पर कोच का एसी बंद हो गया। गर्मी बढ़ने पर यात्रियों ने हंगामा किया और शिकायत दर्ज कराई, लेकिन तत्काल समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया।ट्रेन जब टूंडला स्टेशन पहुंची तो यात्रियों ने फिर विरोध जताया। वहां भी ट्रेन कुछ समय तक खड़ी रही, लेकिन खराब कोच नहीं हटाया गया। यात्रियों को समझाकर ट्रेन को आगे भेज दिया गया।शाम करीब 7:10 बजे ट्रेन कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर आठ पर पहुंची। यहां रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को कोच से नीचे उतारकर प्लेटफॉर्म पर बैठाया। इसके बाद खराब कोच को हटाकर उसकी जगह नया एसी कोच लगाया गया।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित कोच में कुल 72 यात्री सफर कर रहे थे। नया कोच जोड़ने के बाद रात 8 बजे सभी यात्रियों को दोबारा बैठाया गया और ट्रेन 8:10 बजे कानपुर सेंट्रल से रवाना हुई।रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारणों की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।