
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक और प्रयोगात्मक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न प्रयोगशालाओं और नर्सरी स्कूल प्रयोगशाला का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध संसाधनों, उपकरणों और संचालित गतिविधियों की जानकारी ली।कुलपति ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और व्यवहारिक प्रशिक्षण के लिए आधुनिक एवं सुसज्जित प्रयोगशालाएं आवश्यक हैं। उन्होंने विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को लैब उपकरणों के नियमित रखरखाव, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और प्रयोगशालाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।निरीक्षण के दौरान उन्होंने नर्सरी स्कूल प्रयोगशाला में बच्चों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक सामग्री और रचनात्मक गतिविधियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा में व्यवहारिक और रचनात्मक शिक्षण को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कुलपति ने परिसर की साफ-सफाई, प्रयोगशालाओं के सुव्यवस्थित संचालन और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।इस दौरान निदेशक प्रसार डॉ. राम बटुक सिंह, कृषि महाविद्यालय की डीन डॉ. प्रतिभा सिंह, सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की डीन डॉ. साधना सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. डी. नियोगी, मात्स्यिकी महाविद्यालय के डीन डॉ. सी.पी. सिंह, डॉ. जसवंत सिंह सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।