news-details

कुलकुला माता मंदिर परिसर से बृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद कुशीनगर के कसया विकास खंड स्थित कुलकुला माता मंदिर परिसर में वन विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में बृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा वन विभाग के अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।वन विभाग की भूमि पर आयोजित इस अभियान में विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में कुशीनगर सांसद विजय कुमार दूबे, फाजिलनगर विधायक तथा जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। सभी अतिथियों ने पौधे लगाकर हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं और इनके बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक पौधरोपण करने के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का भी आह्वान किया। उनका कहना था कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी देखभाल और सुरक्षा का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भविष्य का निर्माण संभव है।प्रभागीय वनाधिकारी वरुण सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप जनपद में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, प्रभागीय वनाधिकारी वरुण सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी, क्षेत्रीय वनाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में सभी ने लगाए गए पौधों के संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।