news-details

कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी । नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, छात्रों पर हुए हमलों और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर शनिवार की शाम अमेठी नगर में कांग्रेस पार्टी ने जोरदार कैंडल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया । पूर्व एमएलसी दीपक सिंह और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में निकले इस मार्च में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में समर्थकों ने भाग लिया कैंडल मार्च अंबेडकर तिराहा से प्रारंभ होकर गांधी चौक,राजीव गांधी चौक तक पहुंचा। हाथों में जलती मोमबत्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में नारे लगाए और परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।पूरे मार्ग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करते हुए सरकार से छात्रों के हितों की रक्षा करने की मांग की।पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने इस मौके पर कहा कि देश के युवाओं और छात्रों का भविष्य किसी भी कीमत पर दांव पर नहीं लगाया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से छात्रों का विश्वास कमजोर हुआ है, जिसे बहाल करना सरकार की जिम्मेदारी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ न्याय हो सकेकैंडल मार्च में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रों पर हुए कथित हमलों और परीक्षा से जुड़े विवादों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान पूरे नगर में छात्रों के समर्थन और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर नारे गूंजते रहे।