
Pardarshi Vikas News Lucknow
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने किसानों और युवाओं के मुद्दों को लेकर 1 मई से सहारनपुर से दिल्ली तक ‘किसान नौजवान बचाओ यात्रा’ निकालने की घोषणा की है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने यह जानकारी दी। अजय राय ने कहा कि किसान बढ़ती लागत, कर्ज और फसलों के उचित मूल्य न मिलने से परेशान है, जबकि युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहा है। ऐसे में कांग्रेस किसानों और नौजवानों की आवाज बुलंद करने के लिए यह यात्रा निकाल रही है। यात्रा का नेतृत्व उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस पश्चिमी जोन करेगा, जबकि किसान कांग्रेस सहयोग करेगी। युवा कांग्रेस के पश्चिमी जोन अध्यक्ष पारस शुक्ला ने बताया कि यात्रा सहारनपुर से शुरू होकर मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा और गौतमबुद्धनगर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। भारतीय युवा कांग्रेस सचिव विशाल चौधरी ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य युवाओं को संगठित कर रोजगार, शिक्षा और अधिकारों के लिए आंदोलन खड़ा करना है। किसान कांग्रेस के अखिलेश शुक्ला ने बताया कि यात्रा के दौरान गन्ना किसानों के लिए न्याय पंचायत, रोजगार चौपाल, छात्र संवाद और दुग्ध किसानों की महापंचायत जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।