
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र के निबोहरा अंतर्गत पुरा मोहरदिल गांव में मंगलवार सुबह एक राष्ट्रीय पक्षी मोर खुले कुएं में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने सावधानीपूर्वक मोर को सकुशल कुएं से बाहर निकाल लिया। तेज धूप के बावजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने अभियान जारी रखा और सफलतापूर्वक रेस्क्यू पूरा किया। वन क्षेत्राधिकारी विशाल सिंह राठौर ने बताया कि बाहर निकालने के बाद मोर की प्राथमिक जांच की गई, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया। ग्रामीणों ने वन विभाग की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। गांव निवासी राधामोहन ने बताया कि जिस कुएं में मोर गिरा था, उसका निर्माण वर्ष 1966 में हुआ था। समय रहते रेस्क्यू होने से राष्ट्रीय पक्षी की जान बच गई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।