news-details

“केडीकेएल के विद्यार्थियों का उत्साह, अनुशासन और प्रतिभा देखकर मुझे बेहद खुशी हुई।:महाना

You can share this post!

 

पारदर्शी विकाश न्यूज़ कानपुर। केडीकेएल शास्त्री इंटर कॉलेज में आयोजित द्विदिवसीय स्थापना महोत्सव के प्रथम दिवस पर मंगलवार को मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर लगभग 300 विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कर-कमलों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर उत्सवमय वातावरण में सराबोर रहा और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।समारोह में हाई स्कूल के टॉपर अनन्या पांडे एवं आशुतोष तथा इंटरमीडिएट के टॉपर शिवम कुशवाहा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विद्यालय की 30 कक्षाओं के अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम के कुल 90 विद्यार्थियों को “एकेडमिक अचीवर” पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी शामिल रहे, जिन्हें उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए मंच पर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट के 125 विद्यार्थियों तथा विद्यालय स्तर पर चयनित 90 विद्यार्थियों को “आदर्श विद्यार्थी” के रूप में सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ अनुशासन, नियमितता और शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना बताया गया।समारोह की एक विशेष प्रस्तुति के रूप में विद्यार्थियों द्वारा उत्तर प्रदेश विधानसभा पर आधारित एक प्रभावशाली लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। इस नाटिका ने न केवल विधानसभा की कार्यप्रणाली को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया, बल्कि उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का भी ध्यान आकर्षित किया और खूब सराहना प्राप्त की।मुख्य अतिथि सतीश महाना ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यालय को भविष्य में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।कार्यक्रम का संचालन विद्यालय कोऑर्डिनेटर व्यंजना बाजपेई द्वारा किया गया। विद्यालय के संस्थापक एवं प्रधानाचार्य डॉ. के. के. वाजपेई ‘भारतीय’ ने अपने संबोधन में नॉलेज ओरिएंटेड शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।कार्यक्रम में पवन दीक्षित, रामकुमार तिवारी, सुनील तिवारी, ए. पी. त्रिवेदी, जे. पी. मिश्रा, नामदेव, महेश कुमार, मनोज सिंह भदौरिया, भोला मिश्रा, अनिरुद्ध त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही सैकड़ों की संख्या में अभिभावक एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।स्थापना महोत्सव का यह आयोजन विद्यालय के शैक्षणिक और सांस्कृतिक वातावरण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

“केडीकेएल शास्त्री इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों का उत्साह, अनुशासन और प्रतिभा देखकर मुझे बेहद खुशी हुई। आज जिन बच्चों को सम्मानित किया गया है, वे आने वाले समय में समाज और देश का नाम रोशन करेंगे। शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास भी जरूरी है। विद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों पर दिया जा रहा ध्यान सराहनीय है। मैं सभी मेधावी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देता हूं। भविष्य में भी विद्यालय को हर संभव सहयोग दिया जाएगा, ताकि यहां के छात्र बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।”-सतीश महाना