
PARDARSHI VIKASH NEWS झांसी में शनिवार को पुलिस ने सीपरी बाजार क्षेत्र के एसआईसी स्कूल के सामने मैदान से एक कथित तांत्रिक समेत तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक युवक को ऑटोमैटिक हथियारों की सप्लाई देने के लिए वहां पहुंचे थे और एजेंट का इंतजार कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बॉबी चौहान उर्फ दयानंद महाराज (26) और उसका भाई विवेक चौहान (21) शामिल हैं, जो पिछले तीन साल से किराए के मकान में रहकर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 7 ऑटोमैटिक और सेमी-ऑटोमैटिक हथियार, 122 कारतूस, 5 चाकू, 2.87 लाख रुपये नकद, सोने की 5 अंगूठियां, चांदी के सिक्के और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हथियारों की सप्लाई से पहले मौके पर फायर कर उनकी जांच भी कराते थे। मुख्य आरोपी दयानंद महाराज खुद को तांत्रिक बताता था और सोशल मीडिया पर तंत्र-मंत्र से जुड़े वीडियो अपलोड करता था, जिनमें वह चमत्कार और भूत-प्रेत से मुक्ति के दावे करता था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से लाए जा रहे थे और किन लोगों को सप्लाई किए जा रहे थे।