
PARDARSHI VIKASH NEWS झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के इमलिया स्टेट गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 24 वर्षीय सुभद्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि महिला पहले से ही लगातार पारिवारिक दुखों और सदमे से जूझ रही थी। उसके दो भाइयों की बीमारी से मौत हो चुकी थी, छह महीने पहले मां का निधन हुआ और 20 दिन पहले दादा की भी मौत हो गई थी। इन लगातार हुई मौतों ने उसे मानसिक रूप से बेहद आहत कर दिया था। सुभद्रा की शादी दो साल पहले हुई थी और उसकी एक साल की एक बेटी भी है। घटना के समय उसका पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य बाहर थे, जिससे वह घर में अकेली थी। परिवार वालों के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से गुमसुम और तनाव में रहने लगी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पैनल से पोस्टमार्टम कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों का कहना है कि लगातार हुए पारिवारिक नुकसान ने उसे गहरे सदमे में डाल दिया था, जिससे वह उबर नहीं पाई।