
PARDARSHI VIKASH NEWS झांसी के मोठ क्षेत्र के महावीरनपुरा मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बिजली विभाग के एक लाइनमैन पर कुत्ते को पीट-पीटकर मार डालने का आरोप लगा है। बताया गया कि 13 मई को हुई इस घटना का वीडियो बाद में सामने आया, जिसमें वह व्यक्ति लाठी से कुत्ते पर ताबड़तोड़ वार करता नजर आता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुत्ता उसके घर आने-जाने पर भौंकता था, जिससे वह नाराज था। घटना के दौरान कुत्ते को गंभीर रूप से घायल करने के बाद उसकी मौत हो गई, और आरोप है कि उसे घसीटकर और बाइक से बांधकर हाईवे किनारे फेंक दिया गया। लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन उन्हें धमकाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है और अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।