news-details

झांसी में भीषण गर्मी का कहर, पारा 42 डिग्री तक पहुंचा; बिजली संकट और अस्पतालों में बढ़े मरीज

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS झांसी में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया, जिससे सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा।शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दोपहर तक तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। हीट वेव को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।भीषण गर्मी का असर अब बिजली व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बिजली खपत बढ़ने के कारण ट्रांसफार्मरों पर दबाव बढ़ गया है। ओवरहीटिंग और फॉल्ट से बचाने के लिए बिजली विभाग ने कई इलाकों में ट्रांसफार्मरों के पास कूलर लगाए हैं, ताकि उनका तापमान नियंत्रित रह सके। अधिकारियों के अनुसार, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और तकनीकी टीमें अलर्ट मोड पर हैं।एक तरफ गर्मी और दूसरी तरफ बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से जनजीवन प्रभावित है। कहीं लोग प्रदर्शन कर रहे हैं तो कहीं शिकायतों का अंबार बिजली विभाग की हेल्पलाइन पर देखा जा रहा है। रात में बिजली कटौती के चलते लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है।गर्मी और उमस का असर स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, चक्कर और लू से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ गई है। डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर में धूप से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और लंबे समय तक खुले में न रहें। चिकित्सकों ने भी सूती कपड़े पहनने, सिर ढककर निकलने और ओआरएस, छाछ व पानी का सेवन बढ़ाने की सलाह दी है।