
पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस अजय भनोट के खिलाफ कानपुर में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई और उनसे अधिवक्ता समाज से माफी मांगने की मांग की। अधिवक्ता डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वार से नारेबाजी करते हुए शताब्दी द्वार पहुंचे और वहां प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अधिवक्ताओं के सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने की बात कही।प्रदर्शन के दौरान लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पं. रवीन्द्र शर्मा ने कहा कि जस्टिस अजय भनोट द्वारा कथित तौर पर दबाव बनाकर एक अधिवक्ता से पुलिस अधिकारी के सामने माफी मंगवाए जाने की घटना की कानपुर सहित देशभर का अधिवक्ता समाज निंदा करता है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता के सम्मान का मुद्दा पूरे अधिवक्ता समाज से जुड़ा है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।पं. रवीन्द्र शर्मा ने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के उस कथन के प्रति भी समर्थन जताया, जिसमें अधिवक्ता के अपमान की स्थिति में न्यायालय के प्रति विरोध जताने की बात कही गई थी। उन्होंने मांग की कि जस्टिस अजय भनोट अधिवक्ता समाज से तत्काल माफी मांगें।प्रदर्शन में भानु द्विवेदी, सरोज उपाध्याय, शैलेश त्रिवेदी, राम नवल कुशवाहा, आनंद उपाध्याय, राजेश भारती, संजीव कपूर, मनीष यादव, विवेक पांडे, सुमन तिवारी, एन.के. कटियार, शिवम गंगवार और मोहम्मद इफ्तिखार सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।