news-details

जर्जर हाईटेंशन तार टूटने से 11 बीघा गेहूं जला, किसानों में आक्रोश

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Gonda

मनकापुर तहसील अंतर्गत भोपतपुर गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से 11 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घटना तब हुई जब 11 केवी हाईटेंशन लाइन का जर्जर तार टूटकर खेतों में गिर गया और उससे निकली चिंगारी से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने कई खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे में किसान केदार राम की 5 बीघा, राम पाल की 1 बीघा और राम सुख वर्मा की करीब 5 बीघा फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। कटाई के लिए तैयार खड़ी फसल के जलने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने पहले भी कई बार बिजली विभाग को लटकते और जर्जर तारों की शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन समय पर टीम नहीं पहुंची। ऐसे में ग्रामीणों ने खुद ही कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। घटना के बाद किसानों में भारी आक्रोश है और वे जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि राजस्व टीम को नुकसान के आकलन के लिए भेजा गया है। शासन के नियमानुसार प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया है।