news-details

जनता दर्शन में उपमुख्यमंत्री ने सुनीं सैकड़ों शिकायतें

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Lucknow

 उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को 7 कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में महिलाएं, बुजुर्ग, किसान, युवा और दिव्यांगजन बड़ी संख्या में पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ने सभी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए। जनता दर्शन में विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। इनमें नाली निर्माण, खड़ंजा मार्ग, पेयजल आपूर्ति, राजस्व विवाद, पुलिस प्रशासन से संबंधित मामले, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना में लाभ न मिलने की शिकायतें शामिल रहीं। गंभीर बीमारियों के इलाज और आर्थिक सहायता से जुड़े प्रकरण भी बड़ी संख्या में सामने आए। समस्याओं की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल से ही कई जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान फतेहपुर, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, मुजफ्फरनगर, अम्बेडकरनगर और लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारियों से संपर्क किया गया। पुलिस प्रशासन की ओर से वाराणसी पुलिस आयुक्त तथा आजमगढ़, उन्नाव, रामपुर और कन्नौज के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों से भी बातचीत कर आवश्यक निर्देश दिए गए। कुशीनगर निवासी दिव्यांग राम आसरे यादव ने आवास संबंधी समस्या रखी, जिस पर उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आमजन को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।