news-details

जनता दर्शन में जिलाधिकारी की संवेदनशील पहल

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया
जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में जिलाधिकारी बृजेश कुमार द्वारा प्रत्येक फरियादी की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान विकास खंड अजीतमल के ग्राम नबले का पुर्वा निवासी जितेन्द्र कुमार की पुत्री दीपिका ने जिलाधिकारी से सहायक उपकरण ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराए जाने का अनुरोध किया।बताया गया कि दीपिका एक दिव्यांग बालिका है तथा उसका विद्यालय उसके घर से लगभग 02 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। विद्यालय आने-जाने में कठिनाई होने के बावजूद वह नियमित रूप से शिक्षा प्राप्त करना चाहती है और पढ़ाई के प्रति अत्यंत उत्साही एवं लगनशील है। उसकी परिस्थितियों और आवश्यकता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल प्रकरण का परीक्षण कराया तथा मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में दीपिका को सहायक उपकरण उपलब्ध कराया।
सहायक उपकरण प्राप्त होने के बाद दीपिका एवं उसके परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। दीपिका के माता-पिता ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनकी पुत्री को विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी, जिससे वह नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेगी और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ सकेगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी बच्चा आर्थिक, सामाजिक अथवा शारीरिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे। दिव्यांगजन एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र दिव्यांगजनों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं सहायक उपकरणों का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें।
जिला प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि पात्र दिव्यांगजन शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु संबंधित विभाग से संपर्क करें तथा किसी भी समस्या के समाधान के लिए जनता दर्शन एवं जनसुनवाई व्यवस्था का लाभ उठाएं।