
कलेक्ट्रेट में होगी विभागीय समीक्षा, कसया में जनसुनवाई और फाजिलनगर में जन चौपाल का आयोजन
पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर। जनपदवासियों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा 1 एवं 2 जुलाई को अपने गृह एवं प्रभार जनपद कुशीनगर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे, आम जनता से सीधे संवाद करेंगे तथा जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का भी जायजा लेंगे।जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई को अपराह्न 12:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में पिछड़ा वर्ग से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति तथा विभागीय कार्यों की समीक्षा की जाएगी। आयोग के सदस्य संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।इसके बाद अपराह्न 2:30 बजे तहसील कसया में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान नागरिक अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं, शिकायतों तथा पिछड़ा वर्ग से जुड़े मामलों को सीधे आयोग के सदस्य के समक्ष रख सकेंगे। प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए जाएंगे।दौरे के दूसरे दिन 2 जुलाई को अपराह्न 12:30 बजे विकास खंड फाजिलनगर की ग्राम पंचायत महुअवा कारखाना स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में जन चौपाल का आयोजन किया जाएगा। जन चौपाल में ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी तथा विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भी जानकारी प्राप्त की जाएगी।जिला प्रशासन ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत है तो वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर आयोग के सदस्य के समक्ष अपनी बात रखें। प्रशासन का कहना है कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए यह सुनहरा अवसर है, जहां शिकायतों का मौके पर ही परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
