news-details

जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया, कुशीनगर। कुशीनगर विधायक पी.एन. पाठक ने शनिवार को नगर स्थित राम जानकी मठ के शिविर कार्यालय पर जनसुनवाई कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सड़क, बिजली, पानी, राजस्व, आवास, पेंशन एवं अन्य जनहित से जुड़ी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा।इस दौरान अपर जिलाधिकारी संतराज सिंह बघेल भी उपस्थित रहे। विधायक ने एक-एक फरियादी की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई गई।विधायक पी.एन. पाठक ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में विकास और सुशासन को नई दिशा मिली है तथा कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र में भी सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे समस्याओं का समाधान तेजी से संभव हो पाता है।अपर जिलाधिकारी संतराज सिंह बघेल ने भी संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने तथा शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष आद्या पांडेय, रुद्र प्रकाश सिंह, राज पाठक, विनय मिश्र, बालिस्टर भारती, विजय बहादुर राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान पूरे समय लोगों की भीड़ बनी रही और कई मामलों के समाधान की प्रक्रिया तत्काल शुरू कराई गई।।