
Pardarshi Vikas News Banda
चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार ने नगर पालिका परिषद, बाँदा में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों के समय पर जारी न होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। 17 अप्रैल 2026 को उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय में तलब कर लंबित पत्रावलियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान लगभग 150 आवेदन लंबित पाए गए, जिस पर आयुक्त ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्र समय पर न मिलने से बच्चों के स्कूल प्रवेश सहित अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जो अस्वीकार्य है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कई मामलों में बिना स्पष्ट कारण प्रमाण पत्र निरस्त किए जा रहे हैं। इस पर आयुक्त ने निर्देश दिए कि किसी भी निरस्तीकरण की स्थिति में स्पष्ट कारण का अभिलेखीकरण अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी पाया कि नगर पालिका से भेजी गई सूचियों का समय पर आदान-प्रदान नहीं हो रहा, जिससे प्रक्रिया बाधित हो रही है। आयुक्त ने आदेश दिया कि सभी लंबित प्रमाण पत्रों का निस्तारण अधिकतम पांच दिनों के भीतर किया जाए और इसकी रिपोर्ट उनके कार्यालय में प्रस्तुत की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिक सेवाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।